
नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय सिवनी मालवा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में बलराम जयंती के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्ष संवर्धन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में स्थित विभिन्न वृक्षों एवं पौधों को छात्राओं द्वारा राखी बांधी गई। छात्राओं ने वृक्षों को अपना संरक्षक एवं जीवनदाता मानते हुए उनकी रक्षा और देखभाल का संकल्प लिया। वृक्षों को राखी बांधने की गतिविधि के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, उसी प्रकार हमें भी वृक्षों की रक्षा एवं संवर्धन का दायित्व निभाना चाहिए। वृक्ष हमारे पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ-साथ प्राणवायु, छाया, फल एवं अनेक उपयोगी संसाधन प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर छात्राओं द्वारा पौधारोपण भी किया गया। विभिन्न प्रजातियों के पौधे महाविद्यालय परिसर में लगाए गए तथा छात्राओं ने इन पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की रक्षा की शपथ भी दिलाई गई। छात्राओं ने शपथ लेते हुए पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, अधिक से अधिक पौधे लगाने, लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा अनावश्यक रूप से वृक्षों को नुकसान न पहुंचाने का संकल्प लिया। छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आकांक्षा पांडे ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। इनके बिना स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण की कल्पना नहीं की जा सकती। वृक्षों को राखी बांधने की यह पहल केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में वृक्षों के प्रति आत्मीयता, जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। यदि हम वर्तमान में वृक्षों एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करेंगे तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध करा पाएंगे।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दें तथा अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिसर को हराभरा एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए छात्राओं की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक मिथुन बारिया, डॉ. रजनीकांत वर्मा, डॉ. सतीश बालापुरे, श्रीमती प्रतिभा साहू सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। इसके साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं इको क्लब इकाई की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

