
नर्मदापुरम / नर्मदा महाविद्यालय के सेवानिवृत्त अर्थशास्त्र प्राध्यापक एवं शिक्षाविद् महेश तिवारी का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से शिक्षा जगत, महाविद्यालय परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। महेश तिवारी ने लंबे समय तक नर्मदा महाविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। प्राध्यापक महेश तिवारी डॉ. अनुराग तिवारी के पिता और वरिष्ठ अधिकता अनंत तिवारी के ताऊजी हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और विद्यार्थियों के प्रति उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार को हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन को शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनकी अंतिम यात्रा उनके निज निवास, नर्मदा निवास मंगलवारा से राजघाट के लिए रवाना हुई। यहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र डा. रुपम तिवारी ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनकी अंतिम यात्रा में परिजन, मित्र, रिश्तेदार, शिक्षाविद्, अधिवक्ता समाजसेवी, महाविद्यालय के पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थी तथा शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

