
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत वुधवार दिनांक 2 सितंबर 2026 को शासकीय गृह विज्ञान कन्या महाविद्यालय में बालिकाओं को निशुल्क लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए जाने हेतु पिंक लाइसेंस ड्राइव शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी संभागीय संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास नर्मदापुरम, संजय कुमार जैन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नर्मदापुरम, प्रमोद कापसे क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नर्मदापुरम, श्रीमती संगीता अहिरवार प्राचार्य शासकीय गृहविज्ञान महाविद्यालय, श्रीमती हर्षा चचाने प्राध्यापक एवं महाविद्यालय की बालिकाएं उपस्थित रही।
संभागीय संयुक्त संचालक श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी द्वारा बालिकाओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बालिकाओं की समग्र कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बालिकाओं को स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रोत्साहित किया गया। प्रमोद कापसे क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा बालिकाओं को सुरक्षित परिवहन एवं यातायात के नियमों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह अवगत कराया कि आपको प्रदान किया जा रहा यह लाइसेंस सुरक्षित परिवहन हेतु आपकी जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करने एवं हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने से दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है । श्री कापसे द्वारा सुरक्षित परिवहन हेतु उपस्थित प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई।
श्रीमती संगीता अहिरवार प्राचार्य द्वारा बालिकाओं को शिविर के माध्यम से प्राप्त होने वाले लाभ एवं लर्निंग लाइसेंस हेतु शुभकामनाएं दी साथ ही शिक्षित एवं सशक्त बनकर आगे बढ़ाने हेतु प्रेरित किया। आयोजित शिविर में 85 बालिकाओं को लर्निंग लाइसेंस हेतु पंजीकृत कर लर्निंग लाइसेंस प्रदाय किए गए।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रतिभा वाजपेयी प्रशासक वन स्टॉप सेंटर द्वारा किया गया एवं लर्निंग लाइसेंस पंजीयन हेतु क्षेत्रीय परिवहन विभाग से योगेश शर्मा भी उपस्थित रहे।

