
नर्मदापुरम / शहर के समीपस्थ नर्मदा के खर्रा घाट ब्रिज पर मंगलवार दोपहर एक प्रेमी जोड़े के बीच आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आवेश में आकर नर्मदा नदी में छलांग लगाने की स्थिति में पहुंच गए। हालांकि, मौके से गुजर रहे एक सतर्क पुलिसकर्मी की तत्परता से समय रहते एक बड़ी अनहोनी टल गई।
विवाद से हालात बिगड़ गए । नर्मदा ब्रिज पर मौजूद युवक-युवती के बीच प्यार-तकरार के बाद बहस इतनी उग्र हो गई कि दोनों एक-दूसरे को जान देने की बात कहने लगे और पुल की रैलिंग के पास खतरनाक स्थिति में जा पहुंचे। इसी दौरान बुधनी स्थित मधुबन हॉस्पिटल से लौट रहे हेड कांस्टेबल अश्विनी वर्मा की नजर पुल पर चल रहे ड्रामे और दोनों की खतरनाक स्थिति पर पड़ी। त्वरित समझाइश और कार्रवाई खतरे को भांपते हुए हेड कांस्टेबल ने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी। उन्होंने बिना समय गंवाए दोनों को कड़ी डांट लगाई, समझाइश दी और सुरक्षित रूप से पुल से रवाना कर दिया। हेड कांस्टेबल अश्विनी वर्मा की तत्परता और सूझबूझ के चलते दोनों युवाओं की जान बच सकी।

