
नर्मदापुरम / बनखेड़ी / आका हजरत मोहम्मद की जन्म दिवस पर जश्ने मिलादुन्नबी के अवसर पर बनखेड़ी स्थित स्थानीय कब्रिस्तान परिसर में फलदार आम के पौधे लगाकर पौधरोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया गया।
आयुध नगर मस्जिद कमेटी के पूर्व सदर एवं समाजसेवी शेर खान ने पौधरोपण करते हुए कहा कि पौधे लगाना केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार करने की जिम्मेदारी भी है। ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर को यादगार बनाने के लिए किए गए इस कार्य की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। फलदार पौधों का रोपण कर धार्मिक अवसर को सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण की पहल से जोड़ने का यह प्रयास क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा।

