
नर्मदापुरम / पचमढ़ी /मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में 17 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक स्थानीय जिप्सी चालक और होटल में कार्यरत दो कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों पर पीड़िता के साथी को बंधक बनाकर इस घिनौने कृत्य को अंजाम देने का आरोप है। घूमने के बहाने जंगल ले जाकर की वारदात प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता पचमढ़ी में रहकर अध्ययन करती है। 19 अगस्त को दोपहर लगभग 2 बजे उसका एक सहपाठी (स्कूल का दोस्त) उससे मिलने पचमढ़ी बस स्टैंड पहुंचा था। वहां उनकी मुलाकात जिप्सी चालक हरिओम से हुई, जिसके साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे। इसके उपरांत सभी लोग हरिओम की जिप्सी से सैर के लिए निकले। आरोपी दोनों को दक्षिण स्काउट गाइड क्षेत्र के पास स्थित घने जंगल में ले गए। वहां आरोपियों ने दोनों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। जब छात्रा के दोस्त ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे जिप्सी से बांध दिया और किशोरी के साथ सामूहिक अनाचार किया। वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों को बस स्टैंड पर छोड़ते हुए मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी।
बड़ी बहन को बताई आपबीती, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत…
घटना से भयभीत होकर किशोरी ने विद्यालय जाना छोड़ दिया था। जब उसकी बड़ी बहन ने स्कूल न जाने का कारण पूछा, तब उसने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन रविवार रात पीड़िता को लेकर पचमढ़ी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पिपरिया से महिला उपनिरीक्षक (SI) मोनिका सिंह तत्काल पचमढ़ी पहुंचीं और पीड़िता के विस्तृत बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 115(2), 351(3), 3(5) एवं पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में, अदालत में होंगे पेश पुलिस अधीक्षक (SP) सांई कृष्णा एस. थोटा ने बताया कि किशोरी की शिकायत पर तत्परता से कदम उठाते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) कराया गया है और पकड़े गए आरोपियों को सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
हिल स्टेशन में महिला सुरक्षा पर खड़े हुए गंभीर सवाल….
इस जघन्य घटना के सामने आने के बाद ‘सतपुड़ा की रानी’ कहे जाने वाले प्रमुख पर्यटन स्थल पचमढ़ी में सैलानियों, विशेषकर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हो गई हैं। स्थानीय जिप्सी चालक की संलिप्तता ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय चालकों और गाइडों के भरोसे ही पर्यटन स्थलों का भ्रमण करते हैं। घटना के बाद स्थानीय निवासियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने पर्यटन क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने की मांग उठाई है।

