
नर्मदापुरम / प्रतिभूति कागज़ कारखाना (एसपीएम) में भारतीय करेंसी एवं कॉइंस कर्मचारी महासंघ का 9वां त्रैवार्षिक अधिवेशन दिनांक 23 एवं 24 अगस्त 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन में एसपीएमसीआईएल की विभिन्न इकाइयों—भारत सरकार टकसाल कोलकाता, मुंबई, नोएडा एवं हैदराबाद, करेंसी नोट एवं इंडियन सिक्योरिटी प्रेस नासिक, बैंक नोट प्रेस देवास तथा प्रतिभूति कागज़ कारखाना नर्मदापुरम से भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध कर्मचारी प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अधिवेशन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, प्रतिभूति कागज़ कारखाना नर्मदापुरम के मुख्य महाप्रबंधक, संयुक्त महाप्रबंधक (मानव संसाधन), भारतीय मजदूर संघ मध्य प्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजोरिया तथा भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री योगेंद्र शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दो दिवसीय अधिवेशन के दौरान कर्मचारियों एवं श्रमिकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संगठन एवं कर्मचारी हितों से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। अधिवेशन में महासंघ की नई कार्यकारिणी का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया।
श्रीमती वंदना राजोरिया, उपाध्यक्ष भारतीय मजदूर संघ मध्यदेश एवं निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में नई कार्यकारिणी मे सुनील त्यागी को अध्यक्ष तथा सदानंद यादव को महासचिव निर्वाचित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतिभूति कागज़ कारखाना नर्मदापुरम से संजीव राणा को कार्यकारी अध्यक्ष, संजय उपाध्याय को उपाध्यक्ष, अनिल सिंह को संयुक्त सचिव तथा नितिन जिगने, वैभव ठाकुर एवं नीरज पटेरिया को कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित किया गया। अन्य सभी इकाइयों से भी पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्वाचन संपन्न हुआ।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का प्रतिनिधियों एवं अतिथियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। अधिवेशन कर्मचारी एकता, संगठन की मजबूती तथा श्रमिक हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महासंघ ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा, संगठनात्मक एकजुटता तथा एसपीएमसीआईएल की सभी इकाइयों के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर संघर्षरत रहने का संकल्प दोहराया।

