
नर्मदापुरम / रविवार को इटारसी में आयोजित हुए सेवा भारती के संस्कार केंद्र के मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिवनी मालवा के युवा समाजसेवी और पत्रकार राजा तिवारी को सेवा भारती सिवनी मालवा का नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। राजा तिवारी लगातार सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। पूर्व में उनके द्वारा आदिवासी अंचलों, वृद्धजनों एवं अनाथालयों में सेवा भाव से विभिन्न कार्य किए गए हैं। उनके सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान को देखते हुए उन्हें यह दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम में सेवा भारती जिला अध्यक्ष सतीश सावंरिया, विभाग समन्वयक शिवप्रताप सिंह, छात्रावास समिति सदस्य मनोज राय, वीरेंद्र दीक्षित, सुमित्रा तोमर, इटारसी नगर अध्यक्ष राजेंद्र तोमर, अधीक्षिका दीपा उइके एवं सह-अधीक्षिका पूनम तोमर की उपस्थिति में राजा तिवारी को सेवा भारती के नगर अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
सेवा भारती समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने वाली प्रमुख स्वयंसेवी संस्था है। संस्था के विभिन्न नगरों एवं इकाइयों में समय-समय पर युवा एवं सक्रिय समाजसेवियों को नगर अध्यक्ष सहित अन्य दायित्व सौंपे जाते हैं, ताकि सामाजिक कार्यों और सेवा गतिविधियों का विस्तार किया जा सके।
इटारसी में सेवा भारती का छात्रावास भी संचालित है, जिसमें लगभग 150 छात्राएं सेवा भारती के अनुशासन से जुड़कर शिक्षा एवं अन्य गतिविधियों में कार्य कर रही हैं। इसी प्रकार देशभर में सेवा भारती एक बड़े सेवा संगठन के रूप में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है और लाखों लोगों को संबल प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। सेवा भारती राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा एक अनुसांगिक संगठन भी है।

