
नर्मदापुरम / इटारसी / लखनऊ, उत्तर प्रदेश से भटककर इटारसी रेलवे स्टेशन पहुंची एक मानसिक दिव्यांग महिला को जीआरपी पुलिस की संवेदनशीलता और मुस्कान संस्था शक्ति सदन के सहयोग से सुरक्षित रूप से उसके परिवार तक पहुंचाया गया।
महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे एवं उनकी टीम ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए उसकी सुरक्षा और देखभाल के लिए उसे मुस्कान संस्था शक्ति सदन में सुरक्षित आश्रय दिलाया। महिला लगभग दो दिनों तक संस्था में रही, जहां उसे भोजन, देखभाल और आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
इस दौरान जीआरपी पुलिस की टीम महिला के परिवार की तलाश में जुटी रही। काफी प्रयासों के बाद उसके परिजनों का पता लगाया गया। आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज महिला को सुरक्षित रूप से उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

