
नर्मदापुरम / ग्राम रामपुर के हरीश थापा की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का शानदार परिणाम सामने आया है। पीएम श्री शहीद इंदरगिरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुर के खेल शिक्षक हरीश सिंह थापा ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की स्पोर्ट्स ऑफिसर परीक्षा-2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 25वीं रैंक हासिल कर चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
श्री थापा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार सहित जिले के खेल जगत में भी खुशी का माहौल है। जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. प्रजापति ने श्री थापा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता को विद्यालय और जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
वहीं जिला वालीबाल संघ ने भी श्री थापा की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। संघ के जिला अध्यक्ष भगवती प्रसाद चौरे, जिला उपाध्यक्ष बशारत खान एवं जिला सचिव आशुतोष शरण तिवारी सहित हफीज खान, प्रफुल्ल पटेल, योगेश एवं हेमंत पटेल ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. गणेश पटेल एवं समस्त विद्यालय परिवार ने भी श्री थापा को बधाई दी। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा गया कि निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता हासिल की जा सकती है।
हरीश सिंह थापा की इस सफलता ने न केवल रामपुर के पीएम श्री विद्यालय का मान बढ़ाया है, बल्कि नर्मदापुरम जिले के खेल जगत को भी गौरवान्वित किया है।

