

नर्मदापुरम / नमामि देवी नर्मदे संस्कार कांवड़ यात्रा को लेकर गुरुवार को स्थानीय सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि मां नर्मदा को निर्मल एवं स्वच्छ बनाए रखने तथा नर्मदा के पावन घाटों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से पहली बार नर्मदापुरम में इस भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन शनिवार 22 अगस्त क़ो किया जा रहा है।
यात्रा में इस बार एक अनूठा संदेश देखने को मिलेगा। कांवड़ के एक ओर मां नर्मदा का पवित्र जल रहेगा, जबकि दूसरी ओर पौधा रखा जाएगा। इसके माध्यम से नर्मदा संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार मध्यप्रदेश में इस स्वरूप की यह पहली कांवड़ यात्रा होगी।
आयोजक पियूष शर्मा ने बताया कि यात्रा विवेकानंद घाट से प्रारंभ होकर काले महादेव एवं सेठानी घाट तक पहुंचेगी। यात्रा के आयोजन में नर्मदा भक्तों, संत समाज एवं विभिन्न नर्मदा सेवी संगठनों के साथ नगर पालिका, जनपद एवं शासन का सहयोग रहेगा।
उन्होंने बताया कि मां नर्मदा को निर्मल और स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक नर्मदा भक्त की जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ संस्कार कांवड़ यात्रा के माध्यम से श्रद्धा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर पं. पियूष शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव, पार्षद रेखा यादव मौज़ूद रहे।

