वीडियो भी हुआ वायरल
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर के पॉश और व्यस्त क्षेत्र माने जाने वाले कोठी बाजार स्थित सब्जी मंडी में कथित तौर पर सट्टे का बड़ा कारोबार खुलेआम चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंडी क्षेत्र में सटोरिए बेखौफ होकर टेबल-कुर्सी लगाकर सट्टा लिख रहे हैं। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। गंभीर आरोप यह है कि इस पूरे खेल में एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका बताई जा रही है, जिसके खिलाफ पूर्व में कार्रवाई हो चुकी है और जिसे जिला बदर किया जा चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार मंडी क्षेत्र में छोटे स्तर पर सट्टा लिखने वालों पर तो पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती रही है, लेकिन कथित तौर पर बड़े स्तर पर नेटवर्क संचालित करने वाले लोगों तक कार्रवाई नहीं पहुंच पा रही है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिला बदर के बाद भी गतिविधियों का आरोप
मामले को गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि जिस व्यक्ति पर बड़े स्तर पर सट्टा कारोबार संचालित करने का आरोप लगाया जा रहा है, उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों को लेकर कार्रवाई होने और जिला बदर किए जाने की बात सामने आ रही है। यदि जिला बदर आदेश प्रभावी होने के बावजूद संबंधित व्यक्ति शहर में मौजूद होकर किसी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो यह अपने आप में गंभीर विषय है और प्रशासन-पुलिस को पूरे मामले की जांच करनी चाहिए।
इनका कहना है
सटोरियों पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। अभी कुछ त्यौहारों की वजह से व्यस्तता के चलते कार्रवाई में देरी हुई है, लेकिन अब जल्द ही पुलिस टीम सटोरियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करेगी। इसके पहले भी सटोरियों पर कार्रवाई हुई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरव बुंदेला
थाना प्रभारी कोतवाली
