
नर्मदापुरम / इटारसी / गरीबी लाइन क्षेत्र में आज एक गाय गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसके गले पर किसी के द्वारा मारने से गहरा घाव हुआ था। सूचना मिलते ही सिद्धार्थ आर्य वेलफेयर फाउंडेशन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाकर गाय का उपचार कराया तथा गले पर आवश्यक टांके लगाए गए।
फाउंडेशन के सदस्य प्रदीप हार्ट, गोलू रैकवार एवं अमित चौरे मौके पर उपस्थित रहे और पूरी उपचार प्रक्रिया में सहयोग किया। वहीं RR Pet Shop द्वारा उपचार की आवश्यक दवाइयों एवं वेटरनरी डॉक्टर की फीस का खर्च उठाया गया। फाउंडेशन की ओर से RR Pet Shop के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर सिद्धार्थ आर्य ने कहा, “जब हम गाय को माता का दर्जा देते हैं, तो उसके साथ इतनी बेरुखी और क्रूरता से व्यवहार करना बेहद दुखद है। किसी बेजुबान पशु को इस तरह चोट पहुंचाना स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।”
उन्होंने शासन-प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि घायल पशुओं के लिए विशेष पशु एंबुलेंस और एक हेल्पलाइन नंबर की व्यवस्था की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर घायल पशु को तत्काल सरकारी पशु चिकित्सालय या उपचार केंद्र तक पहुंचाया जा सके।
सिद्धार्थ आर्य ने कहा कि आज इस घायल गाय के मामले में स्वयं भी यह समझना मुश्किल हो रहा था कि तत्काल चिकित्सा व्यवस्था किस माध्यम से की जाए। यदि पशु एंबुलेंस और एक निर्धारित हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध हो, तो घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सकेगा और ऐसी परिस्थितियों में आम नागरिकों के लिए भी सहायता प्राप्त करना आसान होगा।

