
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा ने रविवार को माखननगर स्थित मीनेश वेयरहाउस, सोहागपुर स्थित शक्ति वेयरहाउस मूंग खरीदी केंद्र तथा SWC सेमरी का औचक निरीक्षण कर मूंग उपार्जन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
माखननगर के मीनेश वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने उपार्जित स्कंध की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि उपार्जन के दौरान यदि किसी किसान की उपज रिजेक्ट होती है, तो उसकी विधिवत लिस्टिंग एवं वेरिफिकेशन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि केंद्र पर पुरानी मूंग पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समय पर तुलाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज की तुलाई एवं उपार्जन प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो तथा केंद्र पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
इसके पश्चात कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सोहागपुर के शक्ति वेयरहाउस मूंग खरीदी केंद्र एवं SWC सेमरी का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि निर्धारित गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप Non FAQ माल किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यापारी से माल प्राप्त होने की पुष्टि होती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपार्जन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं गुणवत्ता मापदंडों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

