सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुखतवा का किया निरीक्षण
मरीजों एवं परिजनों से संवाद कर लिया फीडबैक
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुखतवा पहुंचकर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्ड एवं खंडों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से से चर्चा की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों से उपचार, दवाओं, चिकित्सकीय सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसएनसीयू वार्ड में पहुंचकर नवजात शिशुओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने नवजात शिशुओं की माताओं से चर्चा कर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों एवं चिकित्सकीय स्टाफ को निर्देश दिए कि अस्पताल में भर्ती प्रत्येक मरीज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। मरीजों एवं उनके परिजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी परखी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण करने के साथ आमजन से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध सेवाओं का फीडबैक लेना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में संवेदनशीलता, गुणवत्ता और तत्परता का विशेष ध्यान रखा जाए।

