एसडीओपी श्री पाठक की पहल, जिले भर में हो रही चर्चा
कार्यालय परिसर में सेल्फी लेने वालों की लगी भीड़
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
स्वाधीनता के महापर्व ‘स्वतंत्रता दिवस’ के पावन अवसर पर समूचे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का अभूतपूर्व उल्लास छाया हुआ है। इसी कड़ी में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में की गई राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत मनोहारी साज-सज्जा हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। कार्यालय परिसर में सेल्फी लेने वालों की भीड़ लगी रही। यह पहला अवसर है जब किसी पुलिस अधिकारी की व्यक्तिगत रुचि व पहल से इस राष्ट्रीय पर्व पर कार्यालय को इतने भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप में सजाया गया है, जिसकी प्रशंसा अब केवल शहर में ही नहीं बल्कि पूरे जिले में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। तिरंगा थीम पर आधारित भव्य अलंकरण एसडीओपी जितेंद्र पाठक के मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस विशेष परिवेश में तिरंगे के तीनों रंगों (केसरिया, श्वेत और हरा) को मुख्य आधार बनाया गया है। समूचा कार्यालय परिसर न केवल राष्ट्रभक्ति की अलौकिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दे रहा है, बल्कि यहां आने वाले हर नागरिक व अधिकारी में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना का संचार कर रहा है।
शहीदों व अमर सेनानियों को अनूठी श्रद्धांजलि
अधिकारियों के अनुसार, यह सजावट मात्र औपचारिकता न होकर देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर क्रांतिकारियों और वीर बलिदानियों के प्रति श्रद्धा व सम्मान व्यक्त करने का एक विनम्र प्रयास है। इस सुरुचिपूर्ण पहल ने राष्ट्रीय पर्व की गरिमा और प्रभाव शीलता को कई गुना बढ़ा दिया है। कार्यालय परिसर का यह नयनाभिराम और अनुकरणीय दृश्य वर्तमान में आमजन और पुलिस महकमे के बीच विशेष सराहना बटोर रहा है।

