



नर्मदापुरम / स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में नर्मदापुरम जिला पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर व्यापक एवं कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए। अभियान के दौरान बीडीडीएस (BDDS) टीम और डॉग स्क्वाड के साथ पुलिस टीमों ने जिले के संवेदनशील व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान जिले के समस्त होटलों, ढाबों एवं लॉज में औचक निरीक्षण कर कमरों, पार्किंग तथा सामान की गहन तलाशी ली गई, अनधिकृत गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए मुसाफिर रजिस्टरों का मिलान किया गया और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर भीड़ प्रबंधन के समुचित उपाय किए गए तथा आपातकालीन स्थितियों के लिए सभी मार्गों को सुगम व खुला रखा गया। इसी क्रम में नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों व उनके सामान की गहन जांच की गई। प्लेटफॉर्म, पार्किंग तथा स्टेशन परिसर में संदिग्ध बैग, पार्सल व वस्तुओं पर सीसीटीवी कैमरों एवं पुलिस बल के जरिए पैनी नजर रखी गई। वहीं स्वतंत्रता दिवस पर नागरिकों की भारी मौजूदगी की संभावना को देखते हुए प्रसिद्ध सेठानी घाट पर विशेष सुरक्षा बल तैनात किया गया, जहाँ आने-जाने वाले लोगों की पहचान, चेकिंग एवं संदिग्ध वस्तुओं की तलाशी के साथ-साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने हेतु गोताखोर दल व आपातकालीन टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

