


नर्मदापुरम / नर्मदा नदी के आंचल को अतिक्रमण और प्रदूषण से बचाने के लिए दिए गए माननीय उच्च न्यायालय के सख्त आदेशों को नर्मदापुरम में सरेआम ठेंगा दिखाया जा रहा है। शहर के कोरीघाट स्थित ‘रिवर व्यू होटल’ का संचालक प्रशासनिक पाबंदियों और कानूनी नियमों को ताक पर रखकर एक बार फिर बेखौफ होकर अवैध निर्माण में जुट गया है। कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं कि नर्मदा तट से 300 मीटर के दायरे में किसी भी तरह का नया निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, लेकिन इसके बावजूद तट से महज 100 मीटर के भीतर और पास ही स्थित मंदिर परिसर के बाजू से धड़ल्ले से अतिक्रमण बढ़ाया जा रहा है। गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व ही नगर पालिका, एसडीएम और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर इस नियम विरुद्ध निर्माण को रुकवाया था। उस दौरान सख्त कदम उठाते हुए निर्माण में इस्तेमाल हो रहा लोहा और अन्य सामग्री भी जब्त की गई थी। इसके बावजूद दोबारा निर्माण कार्य शुरू हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय नागरिकों का सीधा आरोप है कि प्रभावशाली नेताओं के संरक्षण के कारण ही होटल संचालक के हौंसले इतने बुलंद हैं कि उसे न तो अदालत का डर है और न ही प्रशासन का।
नर्मदा के अस्तित्व और स्वच्छता पर मंडराया संकट….
इस अवैध विस्तार से न केवल नर्मदा किनारे की जमीन कब्जाई जा रही है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी खतरे में है। स्थानीय लोगों ने एक बड़ा सवाल यह उठाया है कि इतने विशाल होटल रिसोर्ट का सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम आखिर कहां डिस्चार्ज हो रहा है? कहीं इसका गंदा पानी चुपचाप मां नर्मदा की धारा में ही तो नहीं बहाया जा रहा?
आक्रोशित जनता ने की सख्त कार्रवाई की मांग….
प्रशासनिक ढिलाई और बार-बार हो रहे अतिक्रमण को लेकर नर्मदा भक्तों और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका से मांग की है कि उच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन करने वाले होटल संचालक पर सख्त वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही इस रिसोर्ट को पूर्व में दी गई सभी अनुमतियों की उच्च स्तरीय जांच की जाए, ताकि नर्मदा नदी के अस्तित्व और पवित्रता की रक्षा हो सके।
इनका कहना है…
नर्मदा किनारे निर्माण संबंधी कोई अनुमति जारी नहीं की गई है। संबंधित होटल संचालक को नोटिस भेजा जा रहा है और जो भी अवैध निर्माण किया गया है, उसे ध्वस्त किया जाएगा।
वैभव देशमुख,
सीएमओ, नगर पालिका नर्मदापुरम।
होटल में किसी भी प्रकार के निर्माण की कोई परमिशन नहीं दी गई है। मामले की तत्काल जांच कराई जा रही है।
रीना गुप्ता,
उप यंत्री, नगर पालिका नर्मदापुरम।

