




नर्मदापुरम / उल्लास-एक अभिनव प्रयोग के तहत जिला न्यायालय में न्यायाधीशों एवं न्यायालयीन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों, अधिवक्तागण के बच्चों के लिए दिनांक 12.08.2026 एवं 13.08.2026 को नृत्य, चित्रकला, कविता, गायन, फेंसी ड्रेस, ढोलक वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें कानूनी जागरूकता एवं सकारात्मक सामाजिक सोच से जाड़ने के उद्देश्य से आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में 8 वर्ष तक तथा 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन उच्च न्यायालय, जबलपुर एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमति तृप्ति शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमति तृप्ति शर्मा ने सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर उन्होने कहा कि बच्चों के लिए आयोजित ऐसी रचनात्मक गतिविधियां उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें जागरूक और जिम्मेदार भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि कानूनी जागरूककता के माध्यम से सक्षम समाज की दिशा में बच्चों को प्रारंभ से जागरूक करना आवश्यक हैं। बच्चों को सकारात्मक सोच अपनाने, अपने सपनो को ऊंची उड़ान देने और समाज में सकारात्मकता का सर्देश फैलाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत 8 वर्ष तक तथा 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग तक के बच्चों के लिए नृत्य, चित्रकला, कविता, गायन, फेंसी ड्रेस, ढोलक वादन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता एवं विचारों को चित्रों और निबंधों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय दीपक गुप्ता, जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के पीठासीन अधिकारी वी.के. पाण्डे, विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष नीरज पटेल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री के. शिवानी सहित समस्त न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी अभय सिंह एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थिति रहे।

