


नर्मदापुरम / संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती के अवसर पर प्रदेशभर में “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा” आयोजित की जाएगी। अभियान के जरिए रविदास जी के समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
18 अगस्त को भोपाल में होगा शुभारंभ….
अभियान का प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम 18 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे रवीन्द्र भवन, भोपाल में होगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों के लिए पावन कलश रवाना किए जाएंगे। जिला प्रशासन इन कलशों को सम्मानपूर्वक जिला मुख्यालय तक लाने की व्यवस्था करेगा।
जिला से ग्राम तक पहुंचेगी कलश रथ यात्रा…..
20 अगस्त 2026 को सभी जिला मुख्यालयों पर कलश वंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित होंगे। इसके बाद पावन कलश को कलश रथ में रखकर स्थानीय रविदास मंदिर और ग्राम स्तर तक ले जाया जाएगा। 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक प्रदेश के प्रत्येक जिले में निर्धारित मार्ग पर कलश रथ यात्रा निकलेगी। यात्रा का मार्ग, पड़ाव और समय-सारणी जिला स्तर पर पहले से तय की जाएगी।
समरसता यात्रा – 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026…..
डेरा सचखण्ड, बल्लन जालंधर से प्रारंभ होने वाली “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों से गुजरेगी। प्रमुख पड़ावों पर भव्य स्वागत, समरसता संकल्प, समरसता गोष्ठी और बेगमपुरा के आदर्श समाज पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे।
धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम और संत संपर्क…..
अभियान के दौरान जिला, ग्राम और चिन्हित मंदिरों में सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या और समरसता संकल्प जैसे कार्यक्रम होंगे। 18 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रदेश स्तर पर संत संपर्क कार्यक्रम चलाकर संतों-गुरुओं को अभियान से जोड़ा जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि अभियान को गरिमापूर्ण और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा।

