


नर्मदापुरम / कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में रेत के अवैध परिवहन और उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को खनिज विभाग की टीम ने मरोड़ा रोड पर रेत खनिज का अवैध परिवहन करते हुए एक वाहन जप्त किया। जप्त वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए रामपुरगुर्रा थाने की अभिरक्षा में रखा गया है।
इसी दौरान ग्राम रायपुर, तहसील नर्मदापुरम में जांच के दौरान नदी से रेत उत्खनन के लिए बनाए गए संभावित अस्थाई रास्ते को भी नष्ट किया गया। ग्राम रायपुर से ही पूर्व में 24 जुलाई 2026 एवं 01 अगस्त 2026 को अवैध परिवहन में जप्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के संबंध में पुलिस थाना देहात में एफ.आई.आर. दर्ज कराई जा चुकी है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के मामलों में कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्रवाई में बसंत पाटिल खनिज निरीक्षक, कृष्ण कांत परस्ते प्रभारी खनिज निरीक्षक एवं हेमंत राज खनिज सिपाही उपस्थित रहे।

