

नर्मदापुरम / देश की 79वीं स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आज शासकीय एस एन जी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुरम के एनसीसी कैडेट्स द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
यह यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लिए एनसीसी कैडेट्स ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों के साथ देशभक्ति का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संदीप शुक्ला एनसीसी अधिकारी चीफ आफिसर जय कुमार वर्मा, शैलेंद्र तोमर दीपक साहू आदर्श पाराशर आशुतोष मुद्गल एवं समस्त स्टाफ भी एनसीसी कैडेट्स के साथ पूरे उत्साह से उपस्थित रहे। प्राचार्य ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।
तिरंगा यात्रा के दौरान शहरवासियों ने भी घरों और दुकानों से निकलकर कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और तिरंगे को सलामी दी।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ।

