


नर्मदापुरम / गुरु के प्रति श्रद्धा और विद्यार्थियों के प्रति प्रोत्साहन की भारतीय संस्कृति को जीवंत करते हुए भारत विकास परिषद नर्मदापुरम शाखा द्वारा मंगलवार को सरस्वती शिशु मंदिर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नर्मदापुरम में “गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन” कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 300 छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। इनमें से चयनित 18 छात्र-छात्राओं एवं 15 शिक्षक-शिक्षिकाओं का परिषद के सदस्यों द्वारा तिलक, माला एवं पूजन कर सम्मान किया गया। अतिथियों द्वारा सम्मानित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सतत उत्कृष्ट कार्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के संरक्षक डॉ. अतुल सेठा, राज्य महिला संयोजक श्रीमती वंदना शर्मा, जिला समन्वयक डी.एस. दांगी, शाखा अध्यक्ष अमन दुबे, सचिव नलिन कुमार पटेल एवं संस्कार संयोजक श्रीमती सुनीता अग्रवाल सहित श्रीमती दुर्गा भदौरिया, अमर ज्योति भदौरिया, श्रीमती उषा अग्रवाल, श्रीमती गायत्री अग्रवाल, श्रीमती मीना तोमर, अनुपम शर्मा एवं तीर्थराज अग्रवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का वातावरण उस समय और अधिक आध्यात्मिक एवं संस्कारमय हो गया, जब विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का परिचय देते हुए गीत प्रस्तुत किया। मंगलवार के पावन अवसर पर बच्चों द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को प्रसाद का वितरण किया गया।
भारत विकास परिषद का उद्देश्य समाज में संपर्क, सहयोग, सेवा, संस्कार एवं समर्पण की भावना को सुदृढ़ करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभाना है। इसी भावना के अनुरूप नर्मदापुरम शाखा द्वारा समय-समय पर बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता, जनसेवा के विभिन्न कार्य तथा समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले जनसेवकों के सम्मान जैसे आयोजन किए जाते रहे हैं। परिषद के इन प्रयासों से समाज में सेवा, संवेदना और परोपकार के प्रति सकारात्मक सोच को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से गुरु के प्रति सम्मान तथा विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना के बीजों को और अधिक पुष्ट करने का संदेश दिया गया।
परिषद द्वारा आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 31 अगस्त 2026 को “भारत को जानो” प्रतियोगिता का आयोजन नर्मदापुरम शहर के विभिन्न विद्यालयों में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की गौरवशाली संस्कृति, इतिहास, परंपराओं, महापुरुषों एवं विविधताओं से परिचित कर उनमें राष्ट्र के प्रति गौरव और जिज्ञासा की भावना जागृत करना है।

