
नर्मदापुरम / ग्राम निमसाड़िया में एक मूक पशु के साथ कथित कुकृत्य का गंभीर मामला सामने आया है। गांव निवासी लाला पड़ियार पर मूक पशु के साथ आपत्तिजनक कृत्य करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि यह घटना लोहे का कारोबार करने वाले गिल्ला बंधु के प्रतिष्ठान में हुई और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकॉर्ड होने का दावा किया जा रहा है। मामले की जानकारी ग्रामीणों और पंच-सरपंच तक पहुंचने के बाद गांव में पंचायत की बैठक बुलाई गई। बैठक में घटना को अत्यंत गंभीर और निंदनीय बताते हुए पंचों और ग्रामीणों ने आपसी सहमति से लल्ल पड़ियार को गांव से बाहर करने का निर्णय लिया। सरपंच बालेंद्र पटेल ने बताया कि मूक पशु के साथ इस प्रकार का कथित कृत्य बेहद निंदनीय है। ऐसी घटनाओं से पूरे गांव और समाज की बदनामी होती है। संबंधित युवक को गांव से बाहर करने का निर्णय लिया गया।
दुकान संचालक द्वारा मारपीट किए जाने का भी आरोप…
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि लाला पड़ियार, गिल्ला बंधु के प्रतिष्ठान पर काम करता था। कथित घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकान संचालक द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी ग्रामीणों के बीच सामने आई है। मारपीट संबंधी आरोपों की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा
घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को क्यों नहीं दी, उठे सवाल….
अब प्रतिष्ठान संचालक की भूमिका को लेकर भी ग्रामीण स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। यदि प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों में इतनी गंभीर घटना रिकॉर्ड हुई थी और संचालक को इसकी जानकारी हो गई थी, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को क्यों नहीं दी गई। ग्रामीणों का कहना है पुलिस को तत्काल सूचित किया जाना चाहिए था। ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस पूरे मामले में केवल आरोपी युवक की कथित भूमिका ही नहीं, बल्कि घटना की जानकारी रखने वाले लोगों, सीसीटीवी फुटेज की उपलब्धता, सूचना पुलिस को देने में हुई कथित देरी तथा युवक से मारपीट के आरोपों की भी जांच करे।
सीसीटीवी फुटेज बन सकता है अहम साक्ष्य….
घटना से जुड़ा कथित सीसीटीवी फुटेज प्रतिष्ठान में लगे कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है। ऐसे में पुलिस जांच के लिए फुटेज अहम साक्ष्य साबित हो सकता है। फुटेज को सुरक्षित रखना, उसकी प्रामाणिकता की जांच करना और घटनाक्रम की वास्तविक समय-रेखा स्पष्ट करना महत्वपूर्ण होगा।
इनका कहना है….
मूक पशु के साथ इस प्रकार का कथित कृत्य बेहद निंदनीय है। ऐसी घटनाओं से पूरे गांव और समाज की बदनामी होती है। संबंधित युवक को गांव से बाहर करने का निर्णय लिया गया।
बालेंद्र पटेल,
सरपंच, ग्राम निमसाड़िया।

