
नर्मदापुरम / जिला कलेक्टर एवं उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार के मार्गदर्शन में शासकीय गृह विज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय, नर्मदापुरम में राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से दिनांक 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत 9 अगस्त को महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के महत्व पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि “तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित होती है। छात्राओं को इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।”
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में महाविद्यालय की 27 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने ज्ञान एवं जागरूकता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पलक चैरे, द्वितीय स्थान खुशी एवं भारती डहेलिया तथा तृतीय स्थान संध्या एवं चंदा अहिरवार ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक, नर्मदापुरम डॉ. हर्षा चचाने, डॉ. चंद्रशेखर राज, देवेंद्र सैनी एवं शुभम भद्रे की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-1 की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री काजल बाथरे एवं इकाई-2 की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूजा गोस्वामी उपस्थित रहीं।

