
नर्मदापुरम / रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दूर-दराज बैठे भाइयों की कलाई तक प्यार का धागा यानी राखी भेजना अब सिर्फ आसान ही नहीं, बल्कि काफी किफायती भी होने जा रहा है। भारतीय डाक विभाग ने त्योहार के सीजन को ध्यान में रखते हुए पहली बार ‘राखी मेल’ के तहत स्पीड पोस्ट शुल्क पर 10 प्रतिशत छूट देने का बड़ा फैसला किया है। डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक सागर नीलेश शाह ने बताया कि त्योहार पर लोगों को राहत देने के लिए इस विशेष सुविधा की शुरुआत की गई है। लिफाफे के सामने स्पष्ट और बड़े अक्षरों में ‘राखी मेल’ लिखना अनिवार्य होगा। यह शब्द लिखे होने पर ही डाक को रियायती श्रेणी में माना जाएगा। ‘राखी मेल’ न लिखे होने पर 10% छूट का लाभ नहीं मिलेगा।केवल बाहरी परीक्षण के आधार पर ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लिफाफे में राखी ही है। सीमा और बुकिंग के नियम एक ग्राहक एक बार में अधिकतम 5 स्पीड पोस्ट (‘राखी मेल’) ही इस डिस्काउंट योजना के तहत बुक करा सकता है। यह सुविधा केवल रिटेल ग्राहकों के लिए लागू होगी और डाकघर के काउंटर से बुकिंग कराने पर ही मिलेगी। कॉरपोरेट ग्राहकों के लिए नहीं है। योजना डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि बुक नाउ पे लेटर या कॉरपोरेट थोक ग्राहकों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। छूट केवल मूल डाक शुल्क पर ही दी जाएगी, किसी अतिरिक्त वैल्यू ऐडेड सेवा पर नहीं।

