
नर्मदापुरम / स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आव्हान पर पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान का संचालन प्रारंभ किया गया है, जो कि दिनांक 9 से 17 अगस्त तक निरंतर जारी रहेगा। इसी क्रम में नर्मदापुरम जिले में संकल्प फाउंडेशन द्वारा रविवार को आयोजित ‘रन फॉर नेशन’ 21 किलोमीटर मैराथन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और युवाशक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण बनी। लगातार हो रही बारिश के बावजूद युवाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। हाथों में तिरंगा थामे प्रतिभागियों ने पिपरिया से बनखेड़ी तक लगभग 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। इस दौरान पूरा मार्ग भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजता रहा। मैराथन के आयोजन में खेल विभाग का भी सहयोग रहा। पिपरिया एवं बनखेड़ी ब्लॉक के खेल समन्वयक तथा उनकी टीम ने आयोजन में सहभागिता करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मैराथन का शुभारंभ माहेश्वरी महिला सोशल क्लब की पदाधिकारियों एवं महतारी जनकल्याण समिति की मातृशक्तियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ के पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने धावकों का आत्मीय स्वागत किया। रामपुर में पूर्व सैनिक बलिराम अहिरवार एवं ग्रामीणों द्वारा प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई और उनका उत्साह बढ़ाया गया। वहीं ग्राम बाचावानी में सरपंच एवं ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।
बनखेड़ी पहुंचने पर अटल बिहारी वाजपेयी चौक पर नगर परिषद अध्यक्ष, पार्षदों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने धावकों का भव्य स्वागत किया। इसके बाद मैराथन का समापन बनखेड़ी स्थित वसुंधरा पब्लिक स्कूल में आयोजित समारोह के साथ हुआ। समापन समारोह में सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने मैराथन में शामिल सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा उन्हें राष्ट्रहित में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

