
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने के उद्देश्य से सिवनी मालवा तहसील के ग्राम मुंडियाखेड़ी में जन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं ग्राम पंचायत के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की बीपी और शुगर की जांच, आभा आईडी निर्माण, आयुष्मान कार्ड बनाने सहित सामान्य बीमारियों की जांच की गई। इसके अलावा गर्भवती माताओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। शिविर में लगभग 80 से 100 हितग्राहियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी। ग्रामीणों ने गांव में ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीणों के लिए उपयोगी कदम बताया।
चौकीगवां में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, योग से बताया स्वस्थ जीवन का महत्व
वहीं, जिला आयुष अधिकारी डॉ. श्रीराम करोंजिया के निर्देशानुसार 8 अगस्त 2026 को जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) जीरावेह द्वारा शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला, चौकीगवां में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में आंगनवाड़ी के बच्चों के साथ-साथ विद्यालय के छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं योग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को योगाभ्यास भी कराया गया और उन्हें नियमित योग एवं संतुलित दिनचर्या के माध्यम से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. वैशाली लोवंशी (CAMO), रेखा गोर (दवासाज), गुरशरण मालवीय (योग प्रशिक्षक) एवं शिवानी गुर्जर (योग सहायक) की उपस्थिति रही। टीम के सदस्यों ने बच्चों को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की।
स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे इन शिविरों से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। अधिकारियों के निर्देश पर जिले के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और आवश्यक मार्गदर्शन मिल सके।

