
नर्मदापुरम / शहर में एयरटेल कंपनी और उसके स्थानीय कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नए कनेक्शन बेचते वक्त कंपनी प्रतिनिधि कम दाम, मुफ्त वाई-फाई और 3 से 6 महीने तक अतिरिक्त सुविधाएं देने जैसे बड़े-बड़े दावों का झांसा देते हैं। हालांकि, कनेक्शन लगने के महज एक-दो महीने के भीतर ही वाई-फाई सिस्टम पूरी तरह ठप पड़ जाता है। सेवा ठप होने के बाद जब उपभोक्ता शिकायत दर्ज कराते हैं, तो कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंच रहे। शिकायत निवारण के नाम पर अतिरिक्त रुपयों की मांग की जा रही है, जिससे परेशान होकर कई उपभोक्ताओं को अपना कनेक्शन तक बंद कराना पड़ रहा है। बिना अनुमति खंभों पर बिछाया जा रहा तारों का जाल खराब इंटरनेट सेवा के अलावा, शहर के प्रमुख मोहल्लों और क्षेत्रों में कंपनी द्वारा फैलाई गई अव्यवस्था से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। शहर में कई स्थानों पर विद्युत विभाग की अनुमति के बिना ही बिजली के खंभों पर एयरटेल के केबल और बॉक्स बेतरतीब ढंग से लटका दिए गए हैं। सड़कों और चौराहों पर लटकते ये तार न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा बने हुए हैं। पीड़ित नागरिकों ने स्थानीय प्रशासन और विद्युत मंडल से इस मामले पर संज्ञान लेकर कंपनी और उसके जिम्मेदार वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

