
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर नगरपालिक परिषद सिवनी मालवा में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता तथा नगरपालिका अध्यक्ष की उपस्थिति में प्रशासन, पुलिस, विभिन्न शासकीय विभागों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करते हुए सभी विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सुबह 8 बजे से शुरू होगा ध्वजारोहण का सिलसिला….
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 8 बजे नगरपालिका परिषद कार्यालय में उपाध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे गांधी प्रतिमा तथा 8:45 बजे शिवराज पार्क स्थित शहीद होलेरी पर सामूहिक माल्यार्पण होगा। सुबह 9:30 बजे जयस्तंभ चौक पर नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि शासकीय कुसुम महाविद्यालय परिसर में सुबह 9:45 बजे ध्वजारोहण एवं इसके बाद ऑडिटोरियम में मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।
विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होंगे सम्मान समारोह…..
मुख्य समारोह शासकीय कुसुम महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर के विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों तथा एनसीसी सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की सूची 10 अगस्त तक नगरपालिका कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 श्री संतोष चौहान के पास जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जनविश्वास, यूसीसी, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण जैसे विषयों पर होंगी प्रस्तुतियां…..
इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों में केवल देशभक्ति ही नहीं, बल्कि जनविश्वास कार्यक्रम, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), एसआईआर निर्वाचक प्रक्रिया, मोबाइल एवं सोशल मीडिया के दुष्प्रयोग से बचाव, साक्षरता, जनगणना-2027, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण, गौवंश संरक्षण, जैविक खेती, ‘एक पेड़ बेटी के नाम’, स्वच्छ भारत मिशन, जल संरक्षण, राष्ट्रीय एकता तथा राहवीर योजना जैसे विषयों पर भी विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
चार समूहों में होगी सांस्कृतिक प्रतियोगिता…..
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं को चार वर्गों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम समूह में कक्षा 6 से 8, द्वितीय समूह में कक्षा 9 से 10, तृतीय समूह में कक्षा 11 से 12 तथा चतुर्थ समूह में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। प्रतियोगिता के लिए निर्णायक समिति का गठन किया गया है, जो 10 अगस्त को प्रतिभागी विद्यालयों का चयन करेगी। अनुसूचित जनजाति छात्रावास एवं अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा।
मंच संचालन और सुरक्षा व्यवस्था भी तय….
कार्यक्रम के मंच संचालन की जिम्मेदारी ईश्वरदास जमींदार (पार्षद), कमलेश लोंवंशी (मनोनीत पार्षद) तथा एस.के. पाटिल (प्राचार्य, शासकीय नवीन विद्यालय) को सौंपी गई है। वहीं जयस्तंभ चौक और शासकीय कुसुम महाविद्यालय में ध्वज सलामी के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन को दी गई है, ताकि समारोह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
विद्यालयों को दिए गए विशेष निर्देश…..
सभी विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने संस्थानों में ध्वजारोहण निर्धारित समय तक पूर्ण कर विद्यार्थियों सहित मुख्य समारोह स्थल पर समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें। साथ ही विद्यालयों को बैंड, टेंट, पेयजल, ध्वनि विस्तारक यंत्र, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था तथा परिसर की स्वच्छता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।

