
नर्मदापुरम / नई दिल्ली / स्वाधीनता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त करने और ‘हर घर तिरंगा-घर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को भाजपा की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली स्थित कार्यालय से राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं।
बैठक को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तथा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने संबोधित करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सभी नागरिक राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें।

