
नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा प्रांजल लुटारे का चयन 29वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय सेपक टकरॉ(SEPAK TAKRAW) चैम्पियनशिप के लिए मध्यप्रदेश टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता श्रीनगर (जम्मू एवं कश्मीर) में आयोजित होगी, जहाँ देशभर के उत्कृष्ट खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रांजल ने अपनी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनके चयन से विद्यालय, नर्मदापुरम एवं पूरे मध्यप्रदेश में हर्ष का वातावरण है। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए भी गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
डायरेक्टर सुभाशीष चटर्जी, प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी एवं समस्त स्टाफ ने प्रांजल को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को समान महत्व देता है। प्रांजल की सफलता इसी सकारात्मक वातावरण और उनकी अथक मेहनत का परिणाम है।
विद्यालय परिवार ने प्रांजल के प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा विश्वास व्यक्त किया कि प्रांजल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश एवं नर्मदापुरम का नाम गौरवान्वित करेंगी।

