
नर्मदापुरम / सावन मास की पावन वेला में शिर्डी साईं मंदिर, हनुमान नगर, रसूलिया में आयोजित “श्री शिव साईं का दिव्य अभिषेक” कार्यक्रम भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम बनकर संपन्न हुआ।
दिनांक 30 जुलाई 2026 से 07 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11:30 बजे से 01:30 बजे तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में रसूलिया क्षेत्र के साईं भक्तों ने परिवार सहित उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन पंडित राजेश चौबे के कुशल मार्गदर्शन में विधि-विधानपूर्वक किया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण शिवमय एवं साईंमय हो उठा।
समापन के अंतिम दिवस मंदिर के निर्माणकर्ता एवं प्रेरणास्रोत श्री राकेश बाबा जी के सान्निध्य में अनुष्ठान की पूर्णाहुति की गई। इस अवसर पर श्रद्धालुजनों द्वारा पूजन, हवन एवं भव्य आरती के उपरांत प्रसादी का वितरण कर पुण्य लाभ अर्जित किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह आयोजन श्री राकेश बाबा जी द्वारा सावन माह में क्षेत्र की जन-कल्याण भावना को केंद्र में रखते हुए किया गया, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ और श्रद्धा का वातावरण निर्मित हुआ।
मंदिर के राकेश बाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में प्रतिदिन सायंकाल आरती के पश्चात खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया जाता है। साथ ही प्रत्येक गुरुवार को शिर्डी से गुलाब के भव्य पुष्पहार मंगाकर साईं बाबा को अर्पित किए जा रहे हैं। रात्रि में आरती के बाद कई वर्षों से निरंतर विशाल खिचड़ी भंडारे का आयोजन भी किया जाता रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण करते हैं।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, सेवा और संस्कार की भावना को भी सुदृढ़ करने का माध्यम सिद्ध हुआ।

