
नर्मदापुरम / शहर के समीपस्थ माखन नगर अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत समोन स्थित इंदिरा आवास कॉलोनी के निवासी लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। कॉलोनी में पक्की सड़क और नालियों का अभाव है। जलभराव व अत्यधिक कीचड़ के कारण यहाँ नारकीय स्थिति बनी हुई है। आलम यह है कि सुबह स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को उनके माता-पिता को गोदी में उठाकर मुख्य मार्ग तक छोड़ना पड़ता है। वहीं बुजुर्ग और महिलाएं इस दुर्दशा से रोज परेशान हो रहे हैं। राजनीतिक दुर्भावना से विकास कार्य रोकने का आरोप स्थानीय निवासियों ने लगाए हैं। बदहाली के पीछे मुख्य कारण ग्राम पंचायत समोन के सरपंच उमराव यादव और सचिव सुनील यादव की मिलीभगत व मनमानी है। ग्रामीणों के अनुसार, सरपंच और सचिव जानबूझकर यहाँ पक्की सड़कें, नालियाँ और साफ-सफाई के कार्य नहीं होने दे रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि जब वे विकास कार्यों की माँग को लेकर जाते हैं, तो दोनों के द्वारा उन्हें धमकी दी जाती है। आरोप है कि सरपंच और सचिव कहते हैं “इस वार्ड से हमें वोट नहीं मिले हैं, इसलिए यहाँ कोई काम नहीं होगा। तुम चाहो तो कलेक्टर, विधायक या सांसद के पास शिकायत कर आओ, हमारी जगह कोई और सुनने वाला नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि कॉलोनी में अनुसूचित जनजाति , गरीब, मजदूर वर्ग सहित सभी समाज के लोग निवास करते हैं । राजनीतिक दुर्भावना के चलते कॉलोनी के लोगों को अपमानित किया जा रहा है।
शिकायत के बाद भी प्रशासनिक अनदेखी….
स्थानीय निवासियों द्वारा तहसील, नगर पालिका प्रशासन और ग्राम पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों को 10 से अधिक बार मौखिक व लिखित रूप से शिकायतें दी जा चुकी हैं, किंतु आज तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित निवासियों ने कई बार ज्ञापन सौंपा है।

