
नर्मदापुरम / पुलिस रक्षित केंद्र पुलिस लाइन स्थित जिम में अवैध वसूली और नियमों के उल्लंघन का एक मामला सामने आया है। थाना बनखेड़ी में पदस्थ प्रधान आरक्षक ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन से करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसके साथ ही, इस पूरे मामले का सच सामने लाने के लिए आरटीआई आवेदन भी दाखिल किए गए हैं।
अवैध वसूली का पूरा मामला….
शिकायतकर्ता के अनुसार, 18 जून को बैतूल के उप निरीक्षक ने उन्हें फोन पर बताया कि उनका पुत्र पुलिस रक्षित केंद्र स्थित जिम में प्रवेश हेतु गया था। वहां जिम संचालक कृष्णा दास पिता वासुदेव, निवासी बंगाली कॉलोनी ने रजिस्ट्रेशन फीस 200 और मासिक शुल्क 1,000 निर्धारित होने की बात कही। जबकि पूर्व में जिम के ट्रेनर खान द्वारा यह जानकारी दी गई थी कि पुलिस कर्मचारियों और उनके बच्चों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 200 तथा मासिक शुल्क 500 है। एक हजार प्रति माह वसूली का ऑडियो जब शिकायतकर्ता ने जिम संचालक कृष्णा दास से दूरभाष पर बातचीत की, तो उसने स्पष्ट रूप से कहा कि पुलिस कर्मचारियों और उनके बच्चों से 1,000 प्रतिमाह शुल्क लेने हेतु निर्देशित किया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित उपलब्ध है, जिसे जांच अधिकारी को सौंपा जा सकता है। शिकायत में कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारी का नाम लेकर अधिक शुल्क वसूलना पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और पुलिस कर्मचारियों व आमजन को भ्रमित कर अनुचित आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास है।
जिम संचालक का आपराधिक इतिहास की जांच…..
शिकायत पत्र में जिम संचालक कृष्णा दास और उसके परिवार के आपराधिक रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि वह अपराध क्रमांक 730/2019 (थाना कोतवाली) का तत्कालीन आरोपी रहा है तथा उसके विरुद्ध थाना अजाक में भी शिकायतें दर्ज रही हैं। शिकायतकर्ता ने कहा कि जिम संचालक और वहां कार्यरत ट्रेनरों का पुलिस चरित्र सत्यापन कराया गया है या नहीं। महानिदेशक म.प्र. के निर्देशों के विपरीत रक्षित केंद्र में जिम संचालक द्वारा अपनी निजी एजेंसी का बहुत बड़ा विज्ञापन बोर्ड लगाया गया है। सूचना का अधिकार से मांगी गई जानकारी मामले की गहराई से छानबीन के लिए प्रधान आरक्षक ने 4 अगस्त को लोक सूचना अधिकारी/पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दो अलग-अलग आरटीआई आवेदन लगाए हैं । शिकायतकर्ता ने जिम संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इससे पहले भी जिम संचालक की शिकायत की जा चुकी है।
इनका कहना है….
नर्मदा पुरम से बाहर के कैंडिडेट से 1 हजार रुपए ही लिए जा रहे हैं । केवल शहर के पुलिसकर्मियों से 500 रुपए फीस ली जा रही है।
स्नेहा चंदेल,
रक्षित निरीक्षक, नर्मदापुरम।

