
नर्मदापुरम / किसानों को बिना पूर्व सूचना और मूलभूत तैयारियों के अचानक खरीदी केंद्र बदले जाने से नाराज सैकड़ों किसानों ने नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर धरना देकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात करीब ढाई घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा।
सेवा सहकारी समिति माखन नगर के माध्यम से अब तक बघवाड़ा स्थित आदिदेव वेयरहाउस में मूंग की खरीदी की जा रही थी। यहाँ पिछले 5 दिनों से सैकड़ों किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तुलाई के इंतजार में खड़ी थीं।
गुरुवार को अचानक 200 किसानों के स्लॉट मीनेश वेयरहाउस में स्थानांतरित कर दिए गए। जब किसान अपनी ट्रॉलियां लेकर नए केंद्र पर पहुंचे, तो वहां न तो तौल कांटे मौजूद थे और न ही तुलाई की कोई तैयारी थी। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के जिला संयोजक चंद्रकांत मीना ने बताया कि नए वेयरहाउस के प्रवेश मार्ग पर धान की स्टैक रखी हुई थी, जिससे ट्रॉलियों के अंदर जाने की जगह ही नहीं थी। बिना भौतिक सत्यापन किए ही वेयरहाउस को खरीदी केंद्र घोषित कर दिया गया, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्था से आक्रोशित होकर किसानों ने नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी और चक्काजाम कर दिया। प्रशासन की समझाइश के बाद खुला जाम।

