

नर्मदापुरम / जिले में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस द्वारा संचालित विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार प्रभावी ढंग से जारी है। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 1 से 10 अगस्त तक चलाए जा रहे, इस अभियान के अंतर्गत निजी वाहनों पर अवैध रूप से लगाए गए हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, ब्लैक फिल्म तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के पांचवें दिन जिलेभर में सघन वाहन जांच के दौरान 113 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए ₹44,100 का समन शुल्क वसूला गया। इसके साथ ही अभियान के पहले पांच दिनों में कुल 816 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए ₹3,46,400 का समन शुल्क वसूला जा चुका है।
जांच के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से निजी वाहनों पर अनधिकृत रूप से लगाए गए फ्लैशर लाइट, ब्लैक फिल्म, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के मामलों पर कार्रवाई की। पांचवें दिन 2 अवैध फ्लैशर लाइट, 14 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 22 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा 3 अनधिकृत पदनाम प्रदर्शित करने वाले वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी नियमानुसार चालान किए गए।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष मिश्रा के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में निरंतर संचालित किया जा रहा है।
नर्मदापुरम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, अनधिकृत पदनाम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म तत्काल हटवा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 10 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

