
नर्मदापुरम / बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए द चैम्प्स फन स्कूल में निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की आँखों से संबंधित समस्याओं की प्रारंभिक अवस्था में पहचान करना तथा उन्हें समय पर विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना था। पूरे शिविर का संचालन विद्यालय परिसर में सुव्यवस्थित रूप से किया गया, जहाँ सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह स्वास्थ्य शिविर सेवासदन आई हॉस्पिटल, भोपाल के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में भोपाल से आईं डॉ. सुनीता कहार एवं डॉ. शुभम सराठे ने नेत्र जांच हेतु आवश्यक विशेषज्ञों की टीम के साथ विद्यार्थियों की आँखों का परीक्षण किया। जाँच के दौरान दृष्टि क्षमता, आँखों के सामान्य स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक पहलुओं की जांच की गई। जिन विद्यार्थियों को आगे विस्तृत जाँच या चिकित्सकीय सलाह की आवश्यकता थी, उनके लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर द चैम्प्स फन स्कूल के प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी, डायरेक्टर श्रीमती जूही चटर्जी, स्कूल कोऑर्डिनेटर श्रीमती रीना मालवीय, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर श्रीमती स्नेहा शर्मा, एडमिन ऑफिसर श्रीमती विनीता जैसलानी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। शिविर में विद्यार्थियों के साथ कर्मचारियों की भी नेत्र जांच की गई।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उत्तम स्वास्थ्य होना भी समान रूप से आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बच्चों की छोटी समस्याओं को समय रहते पहचानने में सहायक होते हैं, जिससे उनको समय पर मार्गदर्शन मिलने से भविष्य की समस्या का आसानी से समाधान हो जाता है। इससे उनका आत्मविश्वास, एकाग्रता एवं सीखने की क्षमता बेहतर बनी रहती है।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को आँखों की स्वच्छता बनाए रखने, पौष्टिक भोजन ग्रहण करने, पर्याप्त रोशनी में अध्ययन करने, लंबे समय तक मोबाइल एवं अन्य डिजिटल उपकरणों का उपयोग करने से बचने तथा समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने के महत्व के बारे में सरल एवं उपयोगी जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया।
डायरेक्टर श्रीमती जूही चटर्जी ने कहा कि द चैम्प्स फन स्कूल शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता अभियान एवं अन्य जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सेवासदन आई हॉस्पिटल, भोपाल की पूरी चिकित्सकीय टीम, विशेष रूप से डॉ. सुनीता कहार एवं डॉ. शुभम सराठे के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कार्य किया जाता रहेगा।

