
नर्मदापुरम / स्थानीय क्षेत्र कुलामढ़ी-सेमी रिटर्न मार्ग पर पुलिया का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके 10 दिन से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी स्कूल बस सेवा शुरू न होने से छात्रों और अभिभावकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों ने स्कूल प्राचार्य से बस सेवा को पुनः शुरू करने और इसे मालखेड़ी तिराहा तक विस्तारित करने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुलामढ़ी की तरफ से डिवाइन सिटी के आगे सेमी रिटर्न चौराहे तक आने वाली स्कूल बस को पुलिया निर्माण के कारण पिछले एक महीने से बंद कर दिया गया था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिया अब पूरी तरह बनकर तैयार हो चुकी है और उस मार्ग से ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे बड़े वाहन आसानी से गुजर रहे हैं, ऐसे में बस के संचालन में कोई तकनीकी समस्या नहीं है। गौर कॉलोनी और रिवरव्यू कॉलोनी में रहने वाले छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों ने आग्रह किया है कि बस को अब मालखेड़ी तिराहा तक चलाया जाए। उल्लेखनीय है कि स्कूल की कुछ बसें ईंधन भरवाने के लिए पहले से ही मालखेड़ी पेट्रोल पंप तक जाती हैं, इसलिए इस बस को तिराहा तक बढ़ाने से छात्रों को काफी राहत मिलेगी और उनका आवागमन आसान हो जाएगा। अभिभावकों ने जल्द से जल्द बस रूट बहाल कर नए मार्ग तक संचालित करने की उम्मीद जताई है।

