नशे से दूरी है जरूरी 2.0 जन-जागरूकता अभियान का समापन
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदा पुरम।
समाज को नशामुक्त बनाने और नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” का शुक्रवार, 31 जुलाई समापन हो गया। समारोह पुलिस लाइन स्थित वेलफेयर हॉल में आयोजित किया गया।
समापन समारोह में एएसपी अभिषेक राजन, स्नेहा चंदेल रक्षित निरीक्षक,
सूरज जमरा, ईशान रिछारिया, प्राचार्या शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीमती अर्चना मिश्रा,सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती सुनीता पवार एवं बड़ी संख्या में जागरूक विद्यार्थी मौजूद थे। इस दौरान एएसपी श्री राजन ने कहा कि “यह समाप्ति नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है”। उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल एक व्यक्ति, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को अंधकार में धकेल देती है। उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा अपराध नियंत्रण के साथ-साथ ऐसे सामाजिक जागरूकता अभियानों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने संदेश दिया कि इस अभियान का समापन कोई अंत नहीं है, बल्कि यह एक शुरुआत है जिससे पूरा प्रदेश नशा मुक्ति की ओर मजबूती से अग्रसर होगा। गतिविधियों का ब्यौरा रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल द्वारा पिछले 15 दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाई गई जन-जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसमें नुक्कड़ नाटकों और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक पहुंचाए गए संदेशों की जानकारी साझा की गई। श्री राजन द्वारा उन प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अभियान के तहत आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।

