


नर्मदापुरम / पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय हाई स्कूल ग्राम साकेत में मेकलसुता ईको क्लब साकेत द्वारा एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की कक्षा दसवीं की छात्रा पायल चौरे के जन्म दिवस के सुअवसर पर पूरे विद्यालय परिसर में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन और छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण को बचाने के लिए एक अनूठा संकल्प लिया गया। समस्त विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से यह शपथ ली कि भविष्य में सभी शिक्षक और विद्यार्थी अपने-अपने जन्म दिवस पर अनिवार्य रूप से एक वृक्ष अवश्य लगाएंगे तथा उसका पालन-पोषण भी करेंगे। संस्था प्रमुख और शिक्षकों की रही गरिमामयी उपस्थिति। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम का सफल संपादन विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सीमा राय के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ शिक्षक सुरेश कुमार पटेल, श्रीमती रेखा बड़गोत्री, चन्द्रमोहन गौर, जितेंद्र शर्मा, श्रीमती मंजू यादव, श्रीमती ज्योति यादव, संजय दमाड़े, श्रीमती आभा चौरे एवं रामविलास कामले उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्रीमती सीमा राय ने छात्रा पायल चौरे को जन्म दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी से इस पर्यावरण संकल्प को पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प दोहराया।

