
नर्मदापुरम / अतुल्यम वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित छात्र नेतृत्व सम्मेलन ‘लक्ष्यार्थ – मॉडर्न यूनाइटेड नेशन’ का पोस्टर विमोचन नर्मदापुरम में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अतुल्यम वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष भरत भदोरिया ने बताया कि 18 जुलाई 2026 को साई कृष्णा रिज़ॉर्ट, इटारसी रोड, नर्मदापुरम में लक्ष्यार्थ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन की थीम “Empowering Today’s Students to Lead Tomorrow” रखी गई है, समिति के सचिव कुश खंडेलवाल द्वारा बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, कूटनीतिक सोच, शोध कौशल, तार्किक चिंतन एवं प्रभावी संवाद कौशल का विकास करना है।
सदस्य पलाश दुबे ने बताया कि सम्मेलन में विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र एवं भारतीय संसद की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। प्रतिभागी विभिन्न समितियों में प्रतिनिधि की भूमिका निभाते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श, नीति निर्माण एवं कूटनीतिक संवाद की प्रक्रिया में भाग लेंगे।
मीडिया प्रभारी अक्षत तिवारी द्वारा बताया गया कि अतुल्यम वेलफेयर सोसायटी ने नर्मदापुरम एवं आसपास के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों से इस प्रतिष्ठित छात्र नेतृत्व सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह किया है। संस्था का मानना है कि लक्ष्यार्थ विद्यार्थियों के नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, शोध क्षमता एवं वैश्विक दृष्टिकोण को नई दिशा प्रदान करेगा।

