
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / ग्राम पंचायत वटकी इकलानी के सरपंच ने पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर नाराजगी जताई है। सरपंच का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद पंचायत की व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हो रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सरपंच ने बताया कि पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का सामग्री भुगतान (मटेरियल पेमेंट) लंबे समय से लंबित है। इसके अलावा अन्य मदों के भुगतान भी नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें मिलने वाला सरपंच का मानदेय भी समय पर प्राप्त नहीं हो रहा है। सरपंच के अनुसार, कई बार संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में शिकायत और जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। भुगतान लंबित रहने से पंचायत के विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है तथा हितग्राहियों और सामग्री आपूर्तिकर्ताओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सरपंच ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कर लंबित भुगतान शीघ्र कराने तथा पंचायत की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।

