
नर्मदापुरम / भारत विकास परिषद, नर्मदापुरम शाखा द्वारा परिषद के 63वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर दिनांक 10 जुलाई 2026 को नगर की प्रतिष्ठित साईं एलिट आइकॉन सिटी में एक प्रेरणादायी पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर परिषद के लगभग 24 पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्थानीय निवासियों ने सामूहिक रूप से फलदार वृक्षों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण से पूर्व स्थल स्थित मंदिर में सामूहिक दर्शन एवं प्रार्थना से हुआ, जहां उपस्थित सभी जनों ने प्रसाद अर्पित कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।
परिषद के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए परिषद द्वारा एक सराहनीय पहल के अंतर्गत सड़कों पर विचरण करने वाले मूक पशुओं की सुरक्षा हेतु उनके गले एवं सींगों में चमकदार पट्टे एवं रेडियम लगाने का अभियान भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य रात्रिकालीन दुर्घटनाओं से पशुओं की रक्षा करना एवं समाज में संवेदनशीलता का संदेश देना है।
यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध हुआ, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को भी सुदृढ़ करने वाला रहा।

