
नर्मदापुरम / मुंबई / देश में प्रिसिजन एग्रीकल्चर और ड्रोन आधारित कृषि सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए सलाम किसान और AMRUT ड्रोन मिशन ने रणनीतिक साझेदारी की है। इस पहल के तहत पहले चरण में महाराष्ट्र में 1,000 कृषि ड्रोन उद्यमी तैयार किए जाएंगे, जो एक लाख से अधिक किसानों तक आधुनिक, सुरक्षित और किफायती ड्रोन सेवाएं पहुंचाएंगे।
इस साझेदारी का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक तरीके से उर्वरक और कीटनाशकों के उपयोग की सुविधा उपलब्ध कराना, खेती की लागत कम करना तथा उत्पादकता बढ़ाना है। साथ ही, DGCA-प्रमाणित ड्रोन पायलटों को स्थायी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
AMRUT ड्रोन मिशन से प्रशिक्षित पायलटों को सलाम किसान के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा, जिससे किसान मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप या फोन के माध्यम से ड्रोन स्प्रे सेवाएं आसानी से बुक कर सकेंगे। पायलटों को मौसम आधारित सलाह, फसलवार मानक संचालन प्रक्रियाएं (SOP) और डिजिटल सर्विस मैनेजमेंट जैसी तकनीकी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
सलाम किसान की संस्थापक एवं सीईओ धनश्री मंधानी ने कहा कि यह साझेदारी केवल ड्रोन स्प्रे सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि डेटा आधारित कृषि सलाह, आधुनिक तकनीक और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देकर किसानों की आय और खेती की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

