
नर्मदापुरम / शासकीय कुसुम महाविद्यालय, सिवनी मालवा में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) छात्रा इकाई की ‘सी’ प्रमाणपत्र परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाली कैडेट्स को महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा ‘सी’ प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर के रघुवंशी ने कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी केवल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना का ही विकास नहीं करती, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी सफल कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
एनसीसी अधिकारी डॉ. रश्मि सोनी ने बताया कि ‘सी’ प्रमाणपत्र एनसीसी का सर्वोच्च प्रमाणपत्र है, जिसका लाभ रक्षा सेवाओं, पुलिस, अर्धसैनिक बलों सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों में मिलता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कैडेट्स की मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है।
एम पी 05 गर्ल्स बटालियन से आए प्रशिक्षक इम्तियाज शाह ने सभी कैडेट्स को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. ए के यादव, डॉ. सुनील सोनी, डॉ. मोहन सिंह गुर्जर, श्रीमती विजयश्री मालवीय, पी एन परते, कमल अहिरवार सहित समस्त स्टाफ ने कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के अंत में सफल कैडेट्स ने अपनी सफलता का श्रेय महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, एनसीसी अधिकारी एवं प्रशिक्षण देने वाले अधिकारियों को दिया तथा भविष्य में भी राष्ट्रसेवा एवं अनुशासन के मार्ग पर अग्रसर रहने का संकल्प लिया।

