



नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 13 एमपी बटालियन एनसीसी बॉयज कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया हुई। इस प्रक्रिया में विद्यालय के 49 बच्चों ने भाग लिया, जिनमें से 25 बच्चों का चयन किया गया।
शारीरिक व अन्य क्षमताओं के आधार पर चयनित इन कैडेट्स को विद्यालय के एनसीसी दल में प्रवेश देकर सैन्य प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जिससे वे अपने कौशल और नेतृत्व क्षमता का विकास कर सकें। एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सामुदायिक सेवा की भावना को बढ़ावा देना है।
13 एमपी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल एसपी सिंह, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विवेक सिंह चुण्डावत के निर्देशानुसार नए कैडेट्स भर्ती हेतु चयन किए। सूबेदार मेजर बी सी तिलक एवं नायब सूबेदार मेहराम सिंह के मार्गदर्शन में सेकंड ऑफिसर शेख कमर, हवलदार अर्जुन सिंह एवं हवलदार अजीत सिंह द्वारा भर्ती प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई।
चयनित कैडेट्स को संस्था डायरेक्टर डॉ आशीष चटर्जी एवं प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने बधाई दी एवं कड़ी मेहनत कर सफलता प्राप्त करने तथा पूर्व में विद्यालय के छात्र जैसे आरडीसी परेड एवं थल सेना कैंप में जाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

