
सिवनी मालवा / नगर पालिका अध्यक्ष रितेश (रिंकू) जैन ने शासकीय सांदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का सबसे मजबूत आधार है और प्रत्येक माता-पिता का दायित्व है कि वे अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाएं।
विद्यालय की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण….
निरीक्षण के दौरान रितेश जैन ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, शैक्षणिक वातावरण एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को जाना तथा विद्यालय परिवार के साथ चर्चा कर आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
430 डेस्क-कुर्सियां उपलब्ध कराने का आश्वासन….
निरीक्षण के दौरान कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए शासन स्तर से 430 डेस्क-कुर्सियां उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। साथ ही कक्षावार छात्र नामांकन की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता का प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित स्तर पर भेजने के निर्देश भी दिए गए।
रितेश (रिंकू) जैन का बयान….
नगर पालिका अध्यक्ष रितेश (रिंकू) जैन ने कहा, “शिक्षा ही वह आधार है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती है। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी विद्यार्थी संसाधनों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं, पर्याप्त फर्नीचर, योग्य शिक्षकों की उपलब्धता और खेलकूद का बेहतर वातावरण सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास भी उतना ही आवश्यक है। नगर के प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य का अवसर मिल सके।”
खेल मैदान के विकास पर रहेगा विशेष ध्यान….
रितेश जैन ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। इसी उद्देश्य से विद्यालय के पीछे स्थित खेल मैदान का विकास कर उसे खेलकूद के लिए पूर्ण रूप से तैयार कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी बेहतर वातावरण मिल सके।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प…..
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विद्यालयों में आवश्यक संसाधन, शैक्षणिक सामग्री एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास निरंतर जारी हैं, जिससे कोई भी विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में अपने सपनों से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्राचार्य अनिल मसीह, बीआरसी संगीता यादव, बीएसी संतोष शर्मा, प्रधान पाठक शेख रईश कुरैशी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

