
इटारसी / रेलवे स्टेशन इटारसी पर जीआरपी द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन हमदर्द’ अभियान मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बनकर सामने आया है।अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक रेल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जीआरपी इटारसी ने पहले ही सप्ताह में 70 से अधिक बेघर, बेसहारा, मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता कर उन्हें सुरक्षा और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर भटक रहे दो मासूम बच्चों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया। बच्चों के परिजनों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज, स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन की गई। परिजनों के मिलने पर उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने जीआरपी टीम का आभार व्यक्त किया।इसके अलावा अभियान के तहत कई बुजुर्गों, मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं असहाय व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। जरूरत मंदों को भोजन, प्राथमिक उपचार और स्थानीय वृद्धाश्रमों व सेवा संस्थाओं की मदद से उचित देखभाल भी उपलब्ध कराई गई।
रेल पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन हमदर्द’ का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचाना भी है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि बेसहारा एवं लापता लोगों को समय पर सहायता और उनके परिजनों से मिलाने का कार्य प्रभावी ढंग से किया जा सके।जी आर पी इटारसी की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे पुलिस की संवेदनशील और जनहितैषी कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

