

सिवनी मालवा / तवा कॉलोनी स्थित शिवराज पार्क के सामने हरे-भरे पेड़ों की कटाई के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर कांग्रेस द्वारा उठाए गए इस मामले में एसडीएम विजय राय ने स्वयं पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई। जांच में नगर पालिका द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट और मौके की वास्तविक स्थिति में अंतर पाए जाने के बाद नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा पर तीस हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया।
एसडीएम विजय राय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन उन्हें पर्यावरणीय नियमों और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए ही किया जाना चाहिए। बिना अनुमति यदि कोई भी व्यक्ति हरे-भरे पेड़ों की कटाई करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पेड़ हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। हमें पेड़ काटने की बजाय अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनका संरक्षण करने का संकल्प लेना चाहिए। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने नगर पालिका को सात दिन के भीतर अर्थदंड की राशि शासकीय कोष में जमा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति के रूप में शिवराज पार्क क्षेत्र में 20 फलदार एवं छायादार पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय में अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए हैं।
इस मामले को सबसे पहले नगर कांग्रेस ने प्रमुखता से उठाया था। वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित सहित कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम विजय राय को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नगर कांग्रेस ने जनहित और पर्यावरण की रक्षा के उद्देश्य से यह मुद्दा उठाया था। पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं और उनकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि कहीं बिना नियमों के पेड़ों की कटाई होगी तो उसके खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी और जनता के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

